विश्वभारती में चहारदीवारी नहीं बनाने दे रहे लोग, कुलपति से भिड़े

कोलकाता : बीरभूम जिले के विश्व प्रसिद्ध विश्व भारती विश्वविद्यालय में गुरुवार को एक बार फिर हंगामा बरपा है। यहां दूरदर्शन केंद्र के पास से गुजरने वाली सड़क के पास चहारदीवारी बनाने को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया है। यहां तक कि विश्व भारती के कुलपति विद्युत चक्रवर्ती को घेर कर भी लोगों ने नारेबाजी की है। उनकी कई स्थानीय लोगों से बहस भी हुई है।

लोगों का कहना है कि विश्व भारती से गुजरने वाली उस सड़क के चारों ओर चहारदीवारी नहीं उठाई जानी चाहिए क्योंकि यहां से आम लोग भी आना-जाना करते हैं। हालांकि यह सड़क विश्वविद्यालय परिसर के अंदर है और विश्वविद्यालय की ही सड़क है। नियमानुसार स्थानीय लोगों का इस पर कोई अधिकार नहीं बावजूद इसके लोगों का कहना है कि इस रास्ते से गुजरने पर विश्वविद्यालय पहुंचने में समय कम लगता है।

इधर विद्युत चक्रवर्ती का कहना है कि इस सड़क का इस्तेमाल सामान्य लोगों द्वारा किए जाने की वजह से कई बार असामाजिक तत्व विश्वविद्यालय परिसर में आसानी से आते हैं और अश्लीलता करने से लेकर विश्वविद्यालय के कार्यों में हमेशा बाधा बनते हैं। इसीलिए गुरुवार की सुबह एक बार फिर चहारदीवारी बनाने का काम शुरू हुआ लेकिन स्थानीय लोग एकजुट हो गए और हंगामा करने लगे।

सूत्रों ने बताया है कि मिथुन शमीम नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने चहारदीवारी को सबसे पहले रोका। उसके बाद जाकर सभी लोगों को बुलाकर हंगामा शुरू करवाया। उसने कहा कि हमारे जन्म के पहले से इस सड़क का इस्तेमाल सामान्य लोग करते रहे हैं। अब इसे घेरने की कोशिश हो रही है जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लोगों का कहना है कि वह किसी भी सूरत में चहारदीवारी नहीं बनने देंगे। आवश्यकता पड़ने पर यहां बैठकर धरना भी देंगे। मौके पर पुलिस मौजूद है। खबर लिखे जाने तक चहारदीवारी बनाने का काम बंद कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *