यात्रा को बंगाल में छोड़ दिल्ली लौटे राहुल, दो दिन बाद फिर लौटेंगे

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर चुकी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर फिलहाल दो दिन का ब्रेक लगा। इसकी वजह है कि गुरुवार को यात्रा के प्रवेश करने के कुछ देर के बाद ही राहुल गांधी दिल्ली रवाना हो गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि फिलहाल गणतंत्र दिवस की वजह से यात्रा को रोकी गई है। दो दिन के बाद फिर शुरू होगी और राहुल गांधी इसमें शामिल होंगे। यात्रा शुक्रवार और शनिवार दो दिन के विराम के बाद फिर से पश्चिम बंगाल में शुरू होगी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी की यात्रा दो दिन के विराम के बाद बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग जिलों से गुजरेगी। फिर 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा 31 जनवरी को मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में फिर से एंट्री करेगी और मुर्शिदाबाद से होकर गुजरेगी। यह यात्रा बंगाल में दार्जिलिंग, रायगंज, उत्तर और दक्षिण मालदा सहित मुर्शिदाबाद में दो संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। मालदा और मुर्शिदाबाद कांग्रेस के गढ़ माने जाते हैं। ऐसे में इसे लोकसभा चुनाव को लेकर काफी अहम माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ऐसे समय पर बंगाल में हो रही है, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को ही कहा था कि हम राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेंगे। तृणमूल ने साफ कर दिया है कि उनके नेता इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे। हालांकि वाम दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *