West Bengal : संदेशखाली में एक और महिला से दुष्कर्म, तृणमूल नेताओं के खिलाफ एफआईआर

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के चर्चित संदेशखाली में एक बार फिर दुष्कर्म हुआ है। स्थानीय निवासी एक महिला से रात के अंधेरे में दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में स्थानीय तृणमूल नेता दिलीप मल्लिक समेत कुल पांच लोगों को नामित किया गया था। बुधवार रात थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी थी।

बताया गया कि गुरुवार सुबह शिकायत को एफआईआर में तब्दील किया गया है। मालूम हो कि एफआईआर में तृणमूल नेता दिलीप और उनके साथी सैकत दास का नाम है। संदेशखाली के माजेरपाड़ा इलाके में तीन अज्ञात युवकों ने एक महिला को उठाया और उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। महिला का पति सिविक वालंटियर के तौर पर काम करता है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती रही। वह पास के तालाब में गिर गई। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। महिला के मुताबिक अपराधी भाग गये। स्थानीय लोगों ने महिला को बचाया और घर ले आए। महिला ने बुधवार रात संदेशखाली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। सुबह शिकायत को एफआईआर के रूप में दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई। पुलिस गुरुवार सुबह महिला को संदेशखाली थाने ले आई। उनका बयान रिकॉर्ड किया गया है। इसके बाद उन्हें बशीरहाट ले जाया गया। वहां महिला की मेडिकल जांच हुई है। बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट में उनका गुप्त बयान भी लिया जायेगा।

बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार और संदेशखाली की रहने वाली रेखा पात्रा ने कहा, ”यह सच है कि शेख शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन शाहजहां ने कहा कि संदेशखाली में कई शेख शाहजहां हैं और यह सही है। ये बदमाश आज हमारी माताओं-बहनों पर अत्याचार कर रहे हैं। दरअसल, तृणमूल के लोग डरे हुए हैं। इसलिए ये सब कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *