संदेशखाली में फिर तनाव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पुलिस ने घसीटते हुए लॉंच में डाला, फिर…

कोलकाता : संदेशखाली थाने के सामने धरना देने पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को एक बार गिरफ्तार किया गया है। शेख शाहजहाँ को गिरफ़्तार करने की माँग पर थाने के सामने धरना पर बैठे भाजपा अध्यक्ष को डेढ़ घंटे के बाद पुलिस घसीटते हुए टोटो में बैठाकर फेरी घाट पर ले गयी और फिर लॉंच में सवार कर धामाखली ले गयी। हालांकि बीच रास्ते में ही उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने मीडिया से कहा, “पुलिस ने मुझे गिरफ्तार कर लिया। जमानत पर रिहा भी किया। लेकिन मैं अब कहीं नहीं जा रहा हूं। जब तक मेरी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक नहीं आ जाते, मैं कोलकाता नहीं लौटूंगा।” सुकान्त के रात को कोलकाता जाकर राज्यपाल से मिलने के कार्यक्रम की सूचना है।

सुकांत गुरुवार की दोपहर संदेशखाली स्थित भाजपा नेता विकास सिंह के घर गए। विकास को संदेशखाली मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। परिवार से मिलने के बाद सुकांत शाम को संदेशखाली थाने के सामने धरने पर बैठे।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, डेढ़ घंटे के धरने के बाद पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए धरना वापस लेने को कहा तभी स्थानीय लोग पुलिस से बहस करने लगे। इसी बीच पुलिस सुकांत को वहां से खींचकर पहले टोटो और बाद में लॉंच में ले जाया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

यह दूसरी बार है जब सुकांत मजूमदार इलाके में पहुंचे। इसके पहले जब वह विरोध प्रदर्शन करने गए थे तो धक्का-मुक्की के समय गिरकर घायल हो गए थे और अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। आज जब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया तो उन्होंने कहा कि जो असली अपराधी है शेख शाहजहां उसे पकड़ने में पुलिस विफल रही है। और जो लोग इलाके में शांति से रहना चाहते हैं उन्हें परेशान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *