राज्यपाल ने अपने प्रेस सचिव शेखर को हटाया

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस ने अपने प्रेस सचिव शेखर बनर्जी को हटा दिया है। आरोप है कि मीडियाकर्मियों की ओर से लगातार संपर्क किए जाने और सूचनाओं के लिए बार-बार अनुरोध के बावजूद वह सही तरीके से संवाद नहीं कर पा रहे थे।

कुछ दिन पहले राज्यपाल ने अपनी प्रमुख सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को हटा दिया था, जिसपर खूब हंगामा हुआ था। फिर पर्यटन विभाग ने उन्हें वापस ले लिया। अब पंचायत चुनाव के ठीक बाद राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने प्रेस सचिव शेखर बनर्जी को हटाया है।

हालाँकि, खबर है कि शेखर बनर्जी को सचिवालय में सूचना और संस्कृति विभाग के उनके पुराने पद पर वापस ले लिया गया है। राज्यपाल ने कोई आरोप सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल को लगता है कि पंचायत चुनाव के दौरान ज्यादा हिंसा की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। उन्होंने करीबी हलकों में इस पर चर्चा की थी जिसके बाद उनपर कार्रवाई हुई है।

दरअसल नवान्न ने प्रेस सचिव पद के लिए तीन नामों की सूची राजभवन को भेजी थी। यह सूची इसी साल जनवरी में राजभवन के पास आयी थी। राज्यपाल ने नवान्न की ओर से तीन नामों की सूची देखकर साक्षात्कार के बाद शेखर बनर्जी को अपना प्रेस सचिव चुना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *