बंगाल में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है : दिलीप घोष

खड़गपुर : राज्य में प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है। शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने उक्त बात कही। दक्षिण 24 परगना के झड़खाली के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पर हुए हमले को लेकर पूछे गये सवाल के जबाव में घोष ने कहा कि राज्य भर में हिंसा का माहौल है, तृणमूल कांग्रेस के अंदर ही कलह की स्थिति है। तृणमूल जहां भी विजया सम्मिलनी का आयोजन कर रही है वहां खुद इनके कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो रहे हैं। आपस में ही बमबारी हो रही है, गोलियां चलाई जा रही है। इसके अलावा हमारे कार्यकर्ताओं पर भी हमले किए जा रहे हैं। यहां प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है। पुलिस तृणमूल को संभालने में ही व्यस्त है, स्थिति और बदतर होती जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को घायल भाजपा नेता को नेशनल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उन्हें देखने प्रदेश बीजेपी महासचिव अग्निमित्रा पाल अस्पताल गई थीं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने जिस तरह हमला किया है ऐसा लगता है कि पंचायत चुनाव के पहले राज्य में हिंसा का माहौल तैयार करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *