कोलकाता : राज्य में बस संचालन से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप की मांग को लेकर बस यूनियन ने 3 दिनों के बस हड़ताल का आह्वान किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को पूरे राज्य में बस हड़ताल रहेगी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि शनिवार को कुछ सरकारी कार्यालय में अवकाश है। कई निजी कार्यालय शनिवार को भी खुले रहते हैं। हड़ताल होने के कारण दैनिक यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हड़ताल के बारे में बस सिंडिकेट संयुक्त परिषद के महासचिव तपन बनर्जी ने कहा कि हमने इस सप्ताह के अंत में पूरे राज्य में तीन दिवसीय निजी बस हड़ताल का आह्वान किया है। राज्य में बस संचालन को लेकर कई मुद्दे हैं। हम इन समग्र मुद्दों पर मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में राज्य सरकार को कई बार बताया गया है कि बसों को ठीक से चलाना संभव नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान 15 वर्ष से अधिक पुरानी बसों को सड़कों से हटाने का आदेश दिया गया है। सरकार से उस समय सीमा को बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। हमने टोल प्लाजा पर बसों के लिए छूट का भी अनुरोध किया है। प्रत्येक वाहन पर प्रतिदिन लगभग 500 से 1000 रुपये खर्च किए जाते हैं। पिछले आठ वर्षों से राज्य में बस किराया नहीं बढ़ा है। ऊपर के समस्याओं में से किसी भी समस्या का समाधान नहीं हुआ जिसके लिए हमें हड़ताल करना पड़ रहा है।