मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरा, हादसे में पश्चिम बंगाल के 27 मजदूरों की मौत

मालदा : मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से पश्चिम बंगाल के 27 मजदूरों की मौत हो गई है। ये सभी मिजोरम में रेलवे पुल पर काम करने के लिए गए थे।

मिजोरम के सैरांग इलाके में बुधवार सुबह एक निर्माणाधीन रेलवे पुल ढह गया। आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर सैरांग में 35-40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे।

Advertisement

सुबह करीब 10 बजे पुल अचानक ढह गया और मजदूर नीचे खाई में गिर गए। अब तक 27 मजदूरों की मौत की खबर है। हालांकि, मिजोरम पुलिस को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव कार्य जारी है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मिजोरम हादसे में हताहत 27 मृतक मालदा जिले के पुखुरिया थाना इलाके के रहने वाले हैं। इनमें ककलामारी के चौदुआर गांव के 11 लोग हैं। बाकी आसपास के गांवों के रहने वाले थे। ये सभी मिजोरम में रेलवे ब्रिज पर काम करने गए थे।

मालदा जिला प्रशासन घटना की जांच में जुट गया है। मृतक मजदूरों के परिवारों की तलाश की जा रही है। इस बीच चौदुआर गांव में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच चुके हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है।

मिजोरम दुर्घटना पर ममता ने जताया दुख

मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के गिरने से 27 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जाहिर किया है। बुधवार दुर्घटना के बाद उन्होंने माइक्रो ब्लागिंग साइट एक्स पर लिखा है, “मिजोरम में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के आज ढहने के बारे में जानकर स्तब्ध हूं, जिसमें हमारे मालदा जिले के कुछ श्रमिकों सहित कई साइट श्रमिकों की जान चली गई। मैंने अपने मुख्य सचिव को बचाव/सहायता कार्यों के लिए तुरंत मिजोरम प्रशासन के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है। मालदा जिला प्रशासन को शोक संतप्त परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने के लिए कहा गया है। हम प्रभावित परिवारों के परिजनों को यथाशीघ्र उचित मुआवजा देंगे। संकटग्रस्त लोगों के प्रति एकजुटता, मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। स्थिति पर नजर है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *