West Bengal : भाजपा विधायक दल ने लौटाया ममता का पूजा उपहार

कोलकाता : भाजपा विधायक दल ने मुख्यमंत्री ममता द्वारा भेजी गई पूजा उपहार की साड़ियां लौटा दी है। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री की ओर से महोत्सव का तोहफा विधानसभा सचिवालय के जरिए भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा की महिला विधायकों को साड़ियां भेजी थी। लेकिन विपक्षी विधायकों ने साड़ी वापस कर दी है।

विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, पिछले हफ्ते मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने तृणमूल महिला विधायकों को उपहार बांटे थे। वहीं, मंत्री फिरहाद हकीम भाजपा विधायकों के लिए तोहफा लेकर पहुंचे और मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं भी पहुंचाई। बाद में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर भाजपा की सात महिला विधायकों ने ममता का उपहार वापस विधानसभा सचिवालय भेज दिया।

Advertisement
Advertisement

उपहार लौटाने के फैसले पर भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा, ”ममता बनर्जी की पुलिस की विफलता के कारण कामदुनी के दोषी बरी हो गए। पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्याएं की जा रही हैं, झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। महिलाओं पर अत्याचार होता है। हमें विधानसभा में बोलने की इजाजत नहीं है। उसके बाद आप उनसे साड़ी लेने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *