गंगासागर में 39 लाख लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी

                                 सागरद्वीप से लखन भारती सागरद्वीप : गंगा और सागर की संगम स्थली गंगासागर में अब तक 39 लाख लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। वहीं ई-दर्शन के माध्यम से 60. 4 लाख लोग गंगासागर मेले और कपिलमुनि बाबा का दर्शन कर चुके हैं। यह दावा पश्चिम बंगाल के युवा मामलों व क्रीड़ा विभाग के मंत्री अरूप विश्वास ने किया है।

शनिवार की शाम मीडिया से वार्ता में मंत्री अरूप विश्वास ने यह भी दावा कि गंगा सागर मेले का सरकारी बजट 150 करोड़ का है। 17 जनवरी को मेला खत्म होने के बाद खर्च का सटीक आंकड़ा दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन से मिल पाएगा। 5 जनवरी से अब तक 8 लाख 40 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि मेले में चोरी व राहजनी के 28 वारदात हो चुके हैं। पुलिस ने चोरों से 95 हजार 325 रुपये बरामद किए हैं। अब तक 35 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रेस वार्ता में मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय, मंत्री सुजीत बोस, मंत्री पुलक राय, मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा, मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती, मंत्री इंद्रनील सेन, जिलाधिकारी सुमित गुप्ता, सूचना व संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव शांतनु बसु समेत दक्षिण 24 परगना जिले के अन्य कई अधिकारी उपस्थित थे।

प्रेस वार्ता करने के बाद सभी मंत्रियों व अधिकारियों ने मेले में ही अस्थाई तौर पर तैयार किए दक्षिणेश्वर काली मन्दिर, कालीघाट मन्दिर, तारकेश्वर मन्दिर, तारापीठ और जहूरा काली मन्दिर का दर्शन किया। वहीं शनिवार को भी सागर के तट पर महाआरती का अयोजन हुआ। महाआरती का शनिवार को तीसरा व अन्तिम दिन था। महाआरती के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 + 4 =