कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के शपथ ग्रहण में 26 को राजस्थान से सीएम समेत एक दर्जन नेता होंगे शामिल

जयपुर : संगठन चुनाव के जरिए निर्वाचित हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को विधिवत तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण करेंगे। मल्लिकार्जुन खड़गे का पदभार ग्रहण समारोह एआईसीसी मुख्यालय में बुधवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। 24 साल बाद गैर गांधी परिवार से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह में राजस्थान से एक दर्जन नेता शामिल होंगे।

सुबह 10 बजे से होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेंद्र बघेल सहित कई शीर्ष नेता शामिल होंगे। बुधवार की सुबह 10 बजे से होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में देश भर से प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्षों, पूर्व अध्यक्षों, सीएलपी लीडर, पूर्व केंद्रीय मंत्री, पार्टी के मौजूदा लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है।

राजस्थान से मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह में जो नेता शामिल होंगे उनमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. चंद्रभान, पूर्व मंत्री और गुजरात के प्रभारी रघु शर्मा, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा, एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर, कुलदीप इंदौरा, पूर्व मंत्री गुजरात के प्रभारी हरीश चौधरी भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मंगलवार शाम पांच बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम छह बजे दिल्ली पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करके उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देंगे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे 19 अक्टूबर को निर्वाचित हुए थे। चुनाव परिणाम में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को बड़े अंतर से हराया था। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 17 अक्टूबर को देशभर में पीसीसी डेलीगेट्स ने वोट किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

25 − = 15