यूक्रेन के कई शहरों में हवाई हमले की चेतावनी

कीव : यूक्रेन पर रूस के हमले के तीसरे दिन यूक्रेन के कई शहरों में हवाई हमले की चेतावनी दी गई है। वहीं रूस और यूक्रेन, दोनों ओर से एक दूसरे को नुकसान पहुंचाए जाने के दावे किये जा रहे हैं। इन दावों के बीच यूक्रेन सरकार ने हवाई हमलों की संभावना के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

संयुक्त राष्ट्र संघ, अमेरिका, नाटो सहित दुनिया भर की तमाम कोशिशों के बावजूद यूक्रेन पर रूस का हमलावर रुख नरम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब यूक्रेन के कई शहरों में लीव, लत्स्क, उमान, विनित्सिया और राइन पर हवाई हमले की चेतावनी जारी की गयी है। यहां रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थानों (शेल्टर) में चले जाएं। यूक्रेनियन डिसइनफॉर्मेशन सेंटर ने यूक्रेन के लोगों से व्हाट्सएप का उपयोग न करने का अनुरोध किया है क्योंकि इसे रूसी सेना द्वारा देखा जा सकता है। इस बीच लड़ाई में हुए नुकसान को लेकर दोनों ओर से दावे किये जा रहे हैं।

रूस की ओर से कहा गया है कि रूसी सेना ने यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। इन हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव के कई अपार्टमेंट तबाह हो गए हैं। हमला लगातार जारी है। उधर यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन के सैनिक जोरदार मुकाबला कर रहे हैं। दावा किया कि यूक्रेन के सैनिकों ने 3,500 से अधिक रूसी मार गिराए हैं, जबकि दो सौ से अधिक को आत्मसमर्पण पर मजबूर कर दिया है। साथ ही यूक्रेन ने रूस के 14 हवाई जहाज, 8 हेलीकाप्टर, 102 टैंक और 536 बख्तरबंद कारें नष्ट करने का दावा भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

81 − 74 =