आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राष्ट्रपति को माफीनामा लिखेंगे अखिल गिरी

कोलकाता : राष्ट्रपति के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले ममता बनर्जी की कैबिनेट के मंत्री अखिल गिरी चौतरफा घिरने के बाद माफी मांगते नजर आ रहे हैं। शनिवार को अपने बयान को लेकर दुख जाहिर करने के बाद अब इस संबंध में राष्ट्रपति को वह माफीनामा पत्र लिखने जा रहे हैं। शनिवार को उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी है। गिरी ने कहा कि वह अपने बयान को लेकर शर्मिंदा है और राष्ट्रपति को पत्र लिखकर दुख जाहिर करेंगे।

इसके पहले शनिवार को ऑल इंडिया तृणमूल के ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट में पार्टी ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। इसमें लिखा कि भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हम अत्यंत सम्मान करते हैं। हम अपनी पार्टी के विधायक द्वारा की गई दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं और यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम अखिल गिरी की टिप्पणियों का कड़ा विरोध करते हैं। इस तरह का दुर्व्यवहार महिला सशक्तिकरण के युग में स्वीकार्य नहीं है।

हालांकि अखिल ने इसके बाद एक वीडियो जारी कर खेद जताया है। उन्होंने कहा, ‘’एक महीने पहले से शुभेंदु अधिकारी विभिन्न जगहों पर मुझे ताना मार रहे हैं। मैं एक बूढ़ा आदमी हूं। मैं गुस्से में था। मेरा इरादा राष्ट्रपति का अपमान करना नहीं था। मेरे मन में उनके लिए अपार सम्मान है। मेरे मुंह से निकली बातें गुस्से से निकलीं। मुझे खेद है।’’

इसके बाद भी जब उनकी आलोचना नहीं थमी और पार्टी ने भी उनके खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया तब जाकर उन्होंने द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर माफी मांगने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

13 − 8 =