कोलकाता : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने के संकेत के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष किया है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करने के लिए ममता बनर्जी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने गईं थीं। गुरुवार को भाजपा के समर्थन में रूझानों से उत्साहित भाजपा नेता घोष ने मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे हाथरस एवं लखीमपुर के बारे में कहानियां सुना आई थीं। इन दोनों जगहों पर भाजपा को भारी मतों से जीत मिली है। यहां दीदी के उल्टी-सीधी हिंदी के कारण अखिलेश की दुकान बन्द हो गई है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक बलात्कार एवं लखीमपुर खीरी में पिछले साल गाड़ीकांड हुआ था। यहां किसान आंदोलन के दौरान निघासन विधानसभा के अंतर्गत आने वाले तिकुनिया में थार गाड़ी कई किसानों के ऊपर चढ़ा दी गई थी जिसमें कई किसानों की मौत हो गई। इस कांड में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा मुख्य आरोपी बनाए गए और कई महीनों तक जेल में रहना पड़ा था।