इतिहास के पन्नों में 19 अप्रैलः भारत का पहला उपग्रह आर्यभट्ट चला अंतरिक्ष की ओर

देश-दुनिया के इतिहास में 19 अप्रैल की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए बेहद खास है। भारत के अंतरिक्ष सफर की शुरुआत इसी तारीख को 1975 में हुई थी। भारत ने अपना पहला उपग्रह आर्यभट्ट अंतरिक्ष में लॉन्च किया था। आज दुनियाभर में कहीं भी अंतरिक्ष की बात हो तो भारत का जिक्र जरूर किया जाता है। भारतीय वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत को दुनिया के अग्रणी देशों की श्रेणी में ला खड़ा किया है। दुनिया के कई देश अपने उपग्रह अंतरिक्ष में लॉन्च करने के लिए भारत की मदद लेते हैं।

आर्यभट्ट का निर्माण पूरी तरह भारत में ही किया गया था, लेकिन तब भारत के पास उपग्रह लॉन्च करने के लिए जरूरी संसाधन नहीं थे। इसके लिए भारत ने सोवियत संघ से समझौता किया। समझौता यह हुआ था कि सोवियत संघ भारत के सैटेलाइट को अपने रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में लॉन्च करेगा, बदले में भारत सोवियत संघ को अपने बंदरगाहों का इस्तेमाल जहाजों को ट्रैक करने के लिए करने देगा।

भारत ने आर्यभट्ट को सफलतापूर्वक लॉन्च तो कर दिया था लेकिन चार दिन बाद ही कुछ गड़बड़ियां सामने आने लगीं। पांचवें दिन सैटेलाइट से संपर्क टूट गया। 17 साल बाद 10 फरवरी 1992 को उपग्रह पृथ्वी के वातावरण में वापस लौट आया। आर्यभट्ट को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करना भारत और सोवियत संघ दोनों के लिए बड़ी उपलब्धि थी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने इस ऐतिहासिक दिन को सेलिब्रेट करने के लिए 1976 और 1997 के दो रुपये के नोट पर सैटेलाइट की तस्वीर भी लगाई थी। देश के पहले सैटेलाइट आर्यभट्ट का नाम महान खगोलविद् और गणितज्ञ आर्यभट्ट के नाम पर रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 + 6 =