इतिहास के पन्नों में 3 अप्रैल : संचार क्रांति के लिए सबसे अहम

इतिहास में हर तारीख का अपना महत्व होता है। हर तिथि खास होती है। संचार क्रांति के लिहाज से 3 अप्रैल पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। मोबाइल फोन और कंप्यूटर के बिना आज की दुनिया की कल्पना नहीं की जा सकती। इन दो अविष्कारों ने दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी का चेहरा बदल दिया है। संयोग यह है कि दोनों महान अविष्कार का संबंध 3 अप्रैल से है।

साल 1973 में 3 अप्रैल को ही मार्टिन कूपर ने हैंड हेल्ड मोबाइल फोन से बेल लैब्स के जोएल एस एंजेल को पहली कॉल की थी। मार्टिन को आज के मोबाइल फोन का जनक कहा जाता है। 1973 में मार्टिन कूपर मोटरोला कंपनी में थे। अमेरिका में कार फोन का इस्तेमाल तो 1930 से हो रहा था, लेकिन हैंड हेल्ड फोन का इस्तेमाल 3 अप्रैल को पहली बार कूपर ने किया। यह भी एक इत्तेफाक है कि 1981 में 3 अप्रैल को सैन फ्रांसिस्को के ब्रुक्स हाल में ओसबोर्न कंप्यूटर कॉरपोरेशन के एडम ओसबोर्न के पहले पोर्टेबल कंप्यूटर का प्रदर्शन किया गया। इसका वजन करीब 24 पाउंड था।

भारत के लिए भी 3 अप्रैल का खास महत्व है। भारतीय सेना के सबसे चर्चित और महानतम सैन्य अधिकारियों में शुमार एसएचएफजे मानेकशॉ का जन्म 3 अप्रैल, 1914 को हुआ था। भारतीय सेना के वह पहले अधिकारी हैं, जिन्हें फील्ड मार्शल का ओहदा दिया गया। चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने पांच लड़ाइयां लड़ीं। दूसरे विश्व युद्ध में ब्रिटिश इंडियन आर्मी में अपनी सेवा देने वाले मानेकशॉ 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में भारत की जीत के नायक बने।

इसके अलावा भारत में राज्यसभा का गठन 3 अप्रैल, 1952 को किया गया। भारत में द्विसदनीय विधानमंडल है। खासबात यह है कि राज्यसभा स्थायी सदन है। इसे भंग नहीं किया जा सकता। यह राज्यों और संघ शासित क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली संघीय सभा है। इस नाते राज्यसभा का भारत की संसदीय एवं संवैधानिक संरचना में महत्वपूर्ण स्थान है। राज्यसभा के प्रथम सभापति डा. एस. राधाकृष्णन थे।

3 अप्रैल, 1982 को मजलिस-ए-शूरा (पाकिस्तान की संसद) में जनरल जिया उल हक ने घोषणा की थी कि उत्तरी क्षेत्र से तीन पर्यवेक्षकों को संघीय परिषद या मजलिस-ए-शूरा में नियुक्त किया जाएगा। इस घोषणा के तीन घंटे बाद पाकिस्तान में भारतीय प्रभारी राजदूत ने इस्लामाबाद में कूटनीतिक मिशन के अन्य विदेशी प्रमुखों के साथ पाकिस्तान के समक्ष जनरल जिया की घोषणा के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। 12 दिन बाद 15 अप्रैल को तत्कालीन विदेशमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने लोकसभा को सूचित किया कि उत्तरी क्षेत्र भारतीय राज्य जम्मू-कश्मीर का संवैधानिक हिस्सा है। हमारे प्रभारी राजदूत ने पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के साथ इस मामले में विरोध दर्ज करा दिया है। पाकिस्तान सरकार के उत्तर की प्रतीक्षा की जा रही है। इस पर कोई आधिकारिक उत्तर नहीं दिया गया है किंतु पाकिस्तान ने मजलिस-ए-शूरा में उत्तरी क्षेत्र से कोई पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया है।

कुछ प्रमुख घटनाएं

1680: पश्चिम भारत में मराठा सम्राज्य की नींव रखने वाले छत्रपति शिवाजी की रायगढ़ में मृत्यु।

1856ः यूनान के रोडोस द्वीप समूह में चर्च में हुए बारूदी धमाके में 4,000 लोगों की मौत।

1903: समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी कमला देवी चट्टोपाध्याय का जन्म।

1914: भारत के पहले फील्ड मार्शल एसएचएफजे मानेकशॉ का जन्म।

1922ः जोसेफ स्टालिन सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव नियुक्त।

1929: मशहूर हिन्दी साहित्यकार निर्मल वर्मा का जन्म।

1933ः दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के ऊपर पहली बार विमान ने उड़ान भरी।

1942: जापान ने द्वितीय विश्वयुद्ध में अमेरका पर आखिरी दौर की सैन्य कार्यवाई शुरू की।

1949ः अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और कनाडा ने उत्तरी अटलांटिक संधि पर हस्ताक्षर किए।

1962ः अभिनेत्री जया प्रदा का जन्म।

1973: मार्टिन कूपर ने पहली बार हैंड हेल्ड मोबाइल फोन से कॉल की।

1981: एडम ओसबोर्न के पहले पोर्टेबल कंप्यूटर का नमूना पेश किया गया।

1987ः प्रसिद्ध साहित्यकार एसएच वात्स्यायन अज्ञेय का निधन।

1999ः भारत के पहले वैश्विक दूरसंचार उपग्रह इनसैट 1 ई का प्रक्षेपण।

2006ः नेपाल में माओवादियों ने संघर्ष विराम की घोषणा की।

2007ः नई दिल्ली में 14वें सार्क सम्मेलन का उद्घाटन।

2010: एप्पल का पहला आईपैड मार्केट में आया।

2010ः बगदाद में सेना की वर्दी पहने एक बंदूकधारी की गोलीबारी में सुन्नी समुदाय के पांच महिलाएं और 20 पुरुष मारे गए।

2017ः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान में 19वां राष्ट्रमंडल वानिकी सम्मेलन शुरू।

2017ः सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने भारत के कमर्शियल जहाज को अगवा किया ।

2017ः रूस के सेंट पीटर्सबर्ग के भूमिगत मेट्रो में हुए विस्फोट में 10 लोगों की मौत।

2017ः भारत में शैक्षिक संस्थानों की जारी की गई रैंकिंग की इंजीनियरिंग श्रेणी में आईआईटी मद्रास ने पहला स्थान प्राप्त किया।

2017ः बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स सबसे उच्चतम स्तर 29, 910 पर पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 4