इतिहास के पन्नों में 6 अप्रैलः भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस

BJP

कभी-कभी कुछ तिथियां इतिहास का अहम और यादगार हिस्सा बन जाती हैं। अन्य तिथियों की तरह 6 अप्रैल भी दुनिया की प्रमुख ऐतिहासिक घटनाओं का भी गवाह है। ... और इससे इतर भारत के आजादी आंदोलन और स्वतंत्र भारत के राजनीतिक इतिहास का भी इससे गहरा रिश्ता है। देश के प्रमुख राजनीतिक स्तंभों में से एक भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में 6 अप्रैल को ही हुई थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 1951 में स्थापित भारतीय जनसंघ से इस नई पार्टी का जन्म हुआ।

साल 1975 में 25 जून को आपातकाल की घोषणा के 21 महीने बाद जनसंघ का कई अन्य दलों से विलय हुआ और जनता पार्टी का उदय हुआ। जनता पार्टी ने 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस से सत्ता छीनी। 1980 में भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गई।

खेल जगत के लिए भी 6 अप्रैल का दिन खास महत्व रखता है। खेल और खिलाड़ियों के लिए ओलंपिक खेल तीर्थस्थान का दर्जा रखते हैं। हर खिलाड़ी की यह चाहत होती है कि वह उस बुलंदी तक पहुंचे कि कम से कम एक बार ओलंपिक गेम्स में हिस्सा ले सके। आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआत 1896 में 6 अप्रैल को एथेंस में हुई थी। यह खेल रोमन सम्राट थिडोसियस की वजह से प्राचीन ओलंपिक खेलों पर रोक लगाए जाने के 1500 साल बाद दोबारा वजूद में आए।

भारतीय इतिहास में 6 अप्रैल, 1930 का महात्मा गांधी के दांडी मार्च से भी गहरा संबंध है।

गांधी ने 12 मार्च, 1930 को साबरमती आश्रम से सविनय अवज्ञा आंदोलन अपने 78 अनुयायियों के साथ शुरू किया था। दांडी तक की 241 मील की दूरी तय करने में उन्हें 24 दिन लगे। इस यात्रा में पूरे रास्ते हजारों लोग जुड़ते चले गए। उन्होंने दांडी में समुद्र के किनारे 6 अप्रैल, 1930 को नमक बनाकर अंग्रेजी कानून की अवज्ञा की। यह आंदोलन भारत के भीतर नमक बनाने और उसकी बिक्री पर ब्रिटिश सरकार की मनमानी कर वसूली के खिलाफ शुरू किया गया था। 6 अप्रैल, 1930 को गांधी ने कच्छ भूमि में समुद्रतल से एक मुट्ठी नमक उठाया था। इस मुट्ठीभर नमक से गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत को जितना सशक्त संदेश दिया, उतना शायद शब्दों से नहीं दिया जा सकता था।

इसलिए भी याद किया जाता है 6 अप्रैल को

1606ः राजकुमार खुसरो ने अपने पिता मुगल शासक जहांगीर के खिलाफ बगावत की।

1672ः फ्रांस ने नीदरलैंड के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1896ः पहले आधुनिक ओलंपिक की शुरुआत।

1909ः अमेरिकी नागरिक मैथ्यू हैंसन और राबर्ट पियेरी का पहली बार उत्तरी ध्रुव पर पहुंचने का दावा।

1917ः प्रथम विश्व युद्ध में अमेरिका ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1924ः इटली में फासिस्टों ने चुनाव में भारी जीत दर्ज की।

1930ः महात्मा गांधी ने दांडी में समुद्र के किनारे नमक बनाकर अंग्रेजी कानून की अवज्ञा की।

1942ः जापानी विमानों ने पहली बार भारत पर बम गिराए।

1955ः अमेरिका ने परमाणु परीक्षण किया।

1957ः सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।

1966ः भारतीय तैराक मिहिर सेन ने पाक जलडमरूमध्य तैर कर पार किया।

1980ः भारतीय जनता पार्टी की स्थापना।

1982ः दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित उपनिवेश फाकलैंड पर अर्जेन्टीना ने अधिकार किया।

1998ः पाकिस्तान ने मीडियम रेंज मिसाइल ‘गौरी बैलिस्टिक’ का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।

1999ः नेपाल में पुन: 500 रुपये के भारतीय नोट चलाने की घोषणा।

2009ः इटली में 6.3 तीव्रता का भूकंप, लगभग 258 लोगों की मौत।

2010ः भारत के वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी और अमेरिकी वित्तमंत्री टिमोथी गेथनर ने नई दिल्ली में आर्थिक साझेदारी के समझौते पर हस्ताक्षर किए।

2013ः राही सरनोबत ने दक्षिण कोरिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल परिसंघ विश्व कप प्रतियोगिता की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

2013ः अफ्रीकी देश नाइजीरिया के मिदलू गांव में हमले में 11 लोगों की मौत।

जन्म

1886ः हैदराबाद के अंतिम निजाम उस्मान अली खान का जन्म।

1929ः राजनीतिज्ञ प्यारेलाल खण्डेलवाल का जन्म।

1931ः प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सुचित्रा सेन का जन्म।

1956ः प्रसिद्ध क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर का जन्म।

1971ः अभिनेता संजय सूरी का जन्म।

निधन

1664ः सिख धर्मगुरु हर किशन निधन।

1929ः प्रसिद्ध हिंदी सेवी और प्रकाशक महाशय राजपाल का निधन।

1985ः पाब्लो पिकासो के समकालीन विश्वविख्यात कलाकार मार्क शागल का पेरिस में देहांत।

2001ः पूर्व उप प्रधानमंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल का निधन।

2007ः बांग्ला लेखिका लीला मजूमदार का देहावसान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =