अराबुल के घर के पीछे मिला बमों से भरा बैग, आईएसएफ के तीन कार्यकर्ता गिरफ्तार

कोलकाता : तृणमूल नेता अराबुल इस्लाम के घर के पीछे से बमों से भरा बैग बरामद किया गया है। यह बरामदगी शनिवार की देर रात भांगड़ के उत्तर गाजीपुर में खेती की जमीन से हुई है, जो अराबुल के घर के पीछे है। पूरे इलाके में तनाव है। बमों के अलावा एक तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस इस घटना में तीन आई. एस. एफ. कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है।

घटना के बारे में अराबुल इस्लाम के बेटे हकीबुल इस्लाम ने रविवार को कहा कि बीती रात तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला करने के उद्देश्य से आई. एस. एफ. कुछ कार्यकर्ता इस जगह पर बम और बंदूकें लेकर बैठे थे। स्थानीय लोगों को खबर पहले ही मिल गई थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए तीन आई. एस. एफ. कार्यकर्ताओं को धर दबोचा।

उधर, तोड़फोड़ मामले के चलते शनिवार को धर्मतला में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आई. एस. एफ. कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की खबरें सामने आयीं। आई. एस. एफ. विधायक नौशाद सिद्दीकी समेत 19 आई. एस. एफ. कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

सूत्रों के मुताबिक, इसमें कई गैर-जमानती धाराएं भी हैं। दूसरी ओर, पुलिस ने 40 और आई. एस. एफ. कार्यकर्ता-समर्थकों को धर्मतला से भांगड़ लौटते समय गिरफ्तार कर लिया। इस बीच बम बरामद होने की घटना ने नए सिरे से विवाद को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 6