बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिल्ली तलब, राज्य कमेटी में बड़े स्तर पर बदलाव की संभावना

कोलकाता : विधानसभा चुनाव में हार के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव में भी करारी शिकस्त के बाद भारतीय जनता पार्टी की राज्य कमेटी में बड़े पैमाने पर बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को दिल्ली बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को सुकांत दिल्ली पहुंच रहे हैं, जहां उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक होनी है। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी शामिल होंगे। इस बैठक में बंगाल में नई राज्य कमेटी गठित करने को लेकर विस्तार से चर्चा होनी है। इसके अलावा चुनाव में हार को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व जवाब तलब कर सकता है।

बुधवार को प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि कम से कम 32 लोगों की राज्य कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें कम से कम सात से 10 महिलाओं को जगह दी जाएगी। उपाध्यक्ष और महासचिव स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव हो सकता हैं। इसके अलावा पार्टी ने नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। जानकार लोगों की मानें तो सांगठनिक महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती के साथ भी कई नए लोगों को संगठन में शामिल किया जाएगा, जो 2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से पार्टी के विस्तार और नए सिरे से जनाधार बनाने की दिशा में काम करेंगे।

सूत्रों की मानें तो तृणमूल छोड़कर भाजपा में आए किसी भी नेता को अब राज्य कमेटी में बहुत अधिक अहमियत नहीं दी जाएगी। इसकी वजह है कि विधानसभा चुनाव के बाद बड़े पैमाने पर तृणमूल से भाजपा में आए नेताओं ने घर वापसी कर ली है, जिसकी वजह से प्रदेश भाजपा को काफी किरकिरी का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

82 − = 80