बंगाल : आदिवासी महिला का अर्धनग्न शव मिला, दुष्कर्म की आशंका

बालुरघाट : दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज ब्लाक अंतर्गत सोमजिया ग्राम पंचायत क्षेत्र के बारोमासा इलाके में एक आदिवासी महिला का अर्धनग्न शव मिला है। मृतक के शरीर पर चोट आदि के भी निशान हैं। महिला से दुष्कर्म होने की भी आशंका है और माना जा रहा है कि साक्ष्यों को मिटाने के लिए उसकी हत्या हुई है। भाजपा नेताओं ने पीड़ित के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

मृतका के घर वालों ने बताया है कि गुरुवार की दोपहर से महिला लापता थी। देर रात खबर मिली कि वह अर्धनग्न अवस्था में जंगल में पड़ी है। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से रात में ही महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सक ने आशंका जताई है कि दुष्कर्म करने के बाद महिला की हत्या हुई है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद शुक्रवार की सुबह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार सहित अन्य भाजपा नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या हुई है। सुकांत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री महिला हैं लेकिन उनके राज में सबसे अधिक प्रताड़ित महिलाएं हो रही हैं। उन्होंने इशारे में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पुलिस महिलाओं के खिलाफ अपराध के हर मामले में लापरवाही बरतती है और कार्रवाई के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के आदेश का इंतजार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 + 4 =