भाजपा ने तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह का निलंबन किया रद्द

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना से अपने इकलौते विधायक टी राजा सिंह का निलंबन रद्द कर दिया है। पार्टी ने अनुशासन समिति को मिले जवाब पर विचार के बाद यह निर्णय किया है। मोहम्मद साहब पर विवादित बयान के बाद उनको अगस्त 2022 में निलंबित कर दिया गया था।

भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने रविवार को विधायक सिंह का निलंबन रद्द किए जाने का पत्र जारी किया। इसमें कहा गया है कि टी राजा की ओर से पेश जवाब और स्पष्टीकरण को पार्टी की अनुशासन समिति ने विचार किया है। उनके जवाब के आधार पर समिति ने निर्णय लिया है कि उनका निलंबन तत्काल हटाया जाए।

Advertisement
Advertisement

तेलंगाना की 119 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में राजा सिंह का निलंबन रद्द किए जाने से उनका पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। निलंबन रद्द किए जाने पर राजा ने पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया है।

भाजपा ने की तेलंगाना के लिए 52 नामों की पहली सूची जारी

भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए आज अपनी पहली सूची जारी की। इस सूची में 52 नाम है। इसमें तीन सांसदों को टिकट दिया गया है। इसके अलावा इसमें टी राजा सिंह का भी नाम है जिसका निलंबन आज ही पार्टी ने रद्द किया है।

टीआरएस सरकार में मंत्री रहे और अब भाजपा से विधायक एटाला राजेंद्र को हुजूराबाद और गजवेल दो जगह से टिकट दिया गया है। गजवेल से मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा सांसद गजवेल बंडी संजय को करीमनगर, सांसद धर्मपुरी अरविंद को कोरटिया, सांसद सोयम बापू राव को बोथ और टी राजा सिंह को गोशामहल से टिकट दिया है। पार्टी की आज जारी सूची में 12 महिलाओं के नाम हैं।

तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *