संदेशखाली में महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा

नयी दिल्ली : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना ज़िले के संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ हो रहे कथित अत्याचार पर भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कई सवाल दागे हैं। भाजपा ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं, जनजाति समाज से आने वाली महिलाओं की जमीनें छीनी जा रही हैं लेकिन वे कोई कदम नहीं उठा रही हैं। इस अराजकता और गुंडा राज को रोकने में नाकाम मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘एक तरफ केन्द्र सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने और उनके सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठा रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं। संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो कुछ घट रहा है, उसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं।’ उन्होंने ममता बनर्जी से सवाल पूछा कि उन्हें हिन्दुओं से इतनी नफरत क्यों है? जनजाति समाज से इतनी नफरत क्यों है? टीएमसी के गुंडे महिलाओं का शोषण कर रहे हैं और आप चुप क्यों है?

गौरव भाटिया ने कहा कि यह लड़ाई हर उस महिला की है, जिसने किसी भी पार्टी के लिए वोट क्यों न किया हो लेकिन उन्होंने संविधान में आस्था रखी। प्रदेश की सरकार को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा अपनी पूरी ताकत से यह लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार हर उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो महिलाओं की मदद कर रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित परिवार से मिलने गईं राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्यों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जनता सब देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =