दुर्गापूजा के जरिये प्रभाव विस्तार की जद्दोजहद में जुटी भाजपा

BNकोलकाता : पश्चिम बंगाल में वैश्विक महोत्सव की तरह मनाई जाने वाली दुर्गा पूजा राजनीतिक दलों के लिये जनसंपर्क और प्रभाव विस्तार की एक अहम अवसर होता है। पूजा के आयोजन से लेकर उद़घाटन और फिर विसर्जन तक में राजनीतिक दलों अथवा उनके कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहती है। पूजा पंडालों के उद्घाटन में राजनीतिक नेताओं की सक्रियता सबसे अधिक देखी जाती है। जाहिर तौर पर एक बार फिर दुर्गा पूजा में सभी राजनीतिक पार्टियां जनसंपर्क बढ़ाने की अपनी मुहिम को गति देने के लिये तरह-तरह के हथकंडे अपना रही हैं। स्वाभाविक रूप से इस मामले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अन्य दलों से आगे है लेकिन मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी भी इस जद्दोजहद में पीछे नहीं रहना चाहती। लिहाज़ा, पार्टी के प्रदेश स्तर के सभी बड़े नेता पिछले कुछ समय से बेहद सक्रिय नजर आ रहे हैं।

दरअसल किस पूजा पंडाल का उद्घाटन कौन सी शख्सियत करता है, यह उस पूजा समिति के रूतबे को दिखाता है। पश्चिम बंगाल में फिलहाल सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी और इसमें बाकी राजनीतिक दलों पर भारी हैं। महालया से तीन दिनों पहले से ही उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन शुरू कर दिया था और आज चतुर्थी के पहले तक 50 से अधिक दुर्गापूजा पंडालों का उद्घाटन कर चुकी हैं। खास बात यह है कि इस बार न केवल कोलकाता बल्कि जिलों में भी सैकड़ों दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथों होना है जिसकी सूची प्रशासन खुद बना रहा है।

दूसरी ओर भाजपा भी भरपूर कोशिश कर रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार सहित पार्टी के अन्य नेता जिले के कई पूजा पंडालों का उद्घाटन कर चुके हैं। गत रविवार को शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित हुए वस्त्र वितरण समारोह में शिरकत की थी। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया है। वे न केवल कोलकाता बल्कि जिलों में भी लगातार दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा नेता कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गंगारामपुर में पूजा पंडाल का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा था कि ममता बंगाल की दुर्गा पूजा परंपरा का मजाक बना रही हैं। महालया के दिन जिस दिन से देवी दुर्गा की आराधना शुरू होती है उसके पहले ही दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन कर रही हैं। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल में पांच दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया है जबकि राहुल सिन्हा ने संतोष मित्र स्क्वायर, नारकेलडाँगा दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया है। उन्होंने गिरीश विद्यारत्न लेन के दुर्गा पूजा पंडाल का भी उद्घाटन किया है जो पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद व्यापक हिंसा पर केंद्रित है। यह मूल रूप से कोलकाता के भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार की हत्या से संबंधित है।

बीरभूम जिले के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल फिलहाल मवेशी तस्करी मामले में गिरफ्तारी के बाद जेल में हैं। इस अवसर का लाभ उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी इस जिले में कई पूजा पंडालों को टारगेट कर यहां जनसंपर्क कर रही है। कुल मिलाकर कहें तो दुर्गा पूजा का भ्रमण शुरू होने से पहले उद्घाटन के रूप में राजनीतिक प्रतिद्वंदिता भी चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

21 + = 26