भाजपा को भगवान हनुमान से मिलती है भ्रष्टाचार और वंशवाद से लड़ने की प्रेरणा : प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान हनुमान के जीवन को भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रेरणा भगवान हनुमान से मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को भाजपा के 44वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और वंशवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया है। भाजपा के लिए देश सबसे ऊपर है। पार्टी भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, कानून और व्यवस्था की चुनौतियों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति के नाम पर दिखावा हुआ, भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है। भाजपा देश में मुख्य सेवक की भूमिका में है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा भारत के लिए दिन-रात काम कर रही है और हमारी पार्टी ‘माँ भारती’, संविधान और राष्ट्र को समर्पित है। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि पार्टी को खून-पसीने से सींचने वाले कार्यकर्ताओं के कारण ही हमें देश सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, “हमने ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को अपना आदर्श वाक्य बनाया है। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।”

 

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को भगवान हनुमान के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हनुमान जी और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं। हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है। वर्ष 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी लेकिन आज भारत बजरंगबली की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है। उन्होंने कहा कि आज भारत हनुमान की शक्ति की तरह अपनी क्षमता का एहसास कर रहा है। भाजपा को भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा भगवान हनुमान से मिलती है। यदि हम भगवान हनुमान के पूरे जीवन को देखें, तो उनके पास “कर सकते हैं” रवैया था, जिसने उन्हें सभी प्रकार की सफलता दिलाने में मदद की। हनुमान जी दुष्टों का और भाजपा भ्रष्टाचारियों का नाश करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 58 = 66