भाजपा ने अनुपम को बिहार के सह प्रभारी पद से हटाया

BJP

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा को पार्टी की बिहार प्रदेश इकाई के सह-प्रभारी पद से हटा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक बंगाल प्रदेश भाजपा को लेकर अनियंत्रित बयानबाजी को चलते यह कदम उठाया गया है। वह लंबे समय से बिहार भाजपा के सह-प्रभारी थे। हालांकि वह बिहार में राजनीतिक मुद्दों को लेकर बहुत अधिक सक्रिय नहीं रहते थे, ना ही बिहार भाजपा नेतृत्व से उनका संपर्क बहुत अच्छा था। इसके इतर बंगाल में भाजपा नेतृत्व की कार्यशैली के खिलाफ लगातार सोशल मीडिया और मेनस्ट्रीम मीडिया में वह खुलेआम टिप्पणी कर रहे थे। इसे लेकर कई बार प्रदेश भाजपा को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था।

दरअसल मवेशी तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली और विवादित नेता अनुब्रत मंडल की गिरफ्तारी के बाद अनुपम हाजरा ने उस मुद्दे को लेकर राज्य भर में लोगों के बीच जाने में प्रदेश भाजपा को विफल बताया था। इसके अलावा मंडल की गिरफ्तारी के बाद बीरभूम जिला भाजपा नेतृत्व की उत्साहहीनता पर भी उन्होंने सवाल खड़ा किया था। हाल ही में एक फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने प्रदेश भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि राज्य में तृणमूल के खिलाफ जितने मामले उजागर हो रहे हैं उसे जिस तरह से आंदोलन के जरिए लोगों के बीच ले जाना चाहिए उसमें प्रदेश भाजपा विफल रही है। माना जा रहा है कि उनकी इसी बयानबाजी की वजह से उन्हें बिहार के सह-प्रभारी के पद से हटाया गया है।
वहीं, हाजरा ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर मीडिया में लगायी जा रही अटकलों को ख़ारिज करते हुए कहा कि उन्होंने खुद ही पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया था कि उन्हें बिहार की ज़िम्मेवारी से मुक्त किया जाए क्योंकि वह बंगाल के मुद्दों पर फोकस करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 5 = 12