मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

हुगली  : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में हुगली जिला से एक भाजपा कार्यकर्ता को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ता का नाम सौरभ भट्टाचार्य है।

सूत्रों के मुताबिक तृणमूल ने त्रिवेणी निवासी सौरभ के खिलाफ मगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर रविवार की सुबह मगरा थाने की पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ को आज चुंचुड़ा कोर्ट में पेश किया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने सौरभ को 28 तारीख तक जेल हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
उल्लेखनीय है कि करुणामयी में गुरुवार की रात भूख हड़ताल कर रहे शिक्षक आंदोलनकारियों को जबरन पुलिस द्वारा उठाए जाने को लेकर राज्य की राजनीति में कोहराम मच गया है। विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बीच इस घटना के जवाब में एक शख्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस्तीफा मांगा है। कथित तौर पर उस पोस्ट पर कमेंट करते हुए सौरभ भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की।

हालांकि भाजपा ने सौरभ की गिरफ्तारी का तीव्र विरोध किया है। भाजपा के हुगली संगठनात्मक जिला महासचिव सुरेश साव ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का कोई नामोनिशान नहीं है। योग्य लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है। अयोग्य लोगों को चुराकर नौकरी दी जा रही है। रात के अंधेरे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने हमला कर दिया। कुछ भी कहा नहीं जा सकता। भाजपा लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हम अपने आंदोलन को आगे भी इसी तरह जारी रखेंगे। हम बहुत अच्छे से जानते हैं कि पुलिस इसके लिए हम पर झूठा केस भी दर्ज करेगी लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे।

भाजपा पर पलटवार करते हुए तृणमूल नेता अरिंदम गांगुली ने कहा कि उस भाजपा कार्यकर्ता द्वारा ममता बनर्जी के खिलाफ की गई टिप्पणी को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जनता भाजपा से इससे कुछ अधिक की उम्मीद भी नहीं कर सकती है। हम इस तरह की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

33 + = 41