सीबीआई-ईडी का नहीं हो रहा है दुरुपयोग, डरे हुए नीतीश छोड़ दें राजनीति : चिराग पासवान

बेगूसराय : लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान ने कहा है कि सीबीआई और ईडी भारत की स्वतंत्र संस्थाएं हैं। उसकी कार्रवाई से सही लोग क्यों घबराएंगे, अगर कोई कह रहा है कि इस स्वतंत्र संस्था का दुरुपयोग हो रहा है तो यह कहना उचित नहीं है।

सोमवार को बेगूसराय में आयोजित प्रेसवार्ता में चिराग पासवान ने कहा कि कई बार सीबीआई और ईडी की छापेमारी की टाइमिंग को लेकर सवाल उठते हैं लेकिन ऐसे में भी जिसने गलत नहीं किया, जिसके पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है, वह क्यों डरेगा, जिसने गलत किया है वह आज न कल जरूर पकड़े जाएंगे।

चिराग ने नीतीश कुमार को डरा हुआ मुख्यमंत्री बताते हुए राजनीति छोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी के कहने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इतना ज्यादा डर गए कि अपनी नीतियों और सिद्धांतों से समझौता कर उसी जंगलराज वाले के साथ चले गए, जिसके साथ कभी नहीं जाने की कसमें खाते थे। हर राजनीतिक दल का अपना एजेंडा होता है, वह पार्टी अपने एजेंडे पर काम करती है।

क्षेत्रीय दल का प्रभाव कभी समाप्त नहीं होगा, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कहने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इतना ही डर गए हैं तो राजनीति छोड़ दें। राजनीति डरकर नहीं की जा सकती है, राजनीति में विश्वास जरूरी है। लेकिन नीतीश कुमार इतना डर गए कि रातों-रात गठबंधन बदलने का निर्णय ले लिया, यही डर नीतीश कुमार और जदयू को समाप्त करेगा। वर्ष 2024 के बाद नीतीश कुमार और जदयू का नाम लेने वाला नहीं रहेगा।

बिहार में अभी बनी जदयू और राजद की सरकार बहुत जल्द गिरेगी, नीतीश कुमार महागठबंधन से अलग होकर नया गठबंधन बनाएंगे, क्योंकि वह कुर्सी के बिना नहीं रह सकते हैं और नया गठबंधन बनाते ही बिहार में मध्यावधि चुनाव होगा। लोजपा ने आज से अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है, सितम्बर के तीसरे सप्ताह में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर होगा। जिसमें बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट मिशन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, हम अपने आदर्श रामविलास पासवान के बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट को हर घर तक ले जाएंगे।

मैं भविष्यवक्ता नहीं, लेकिन मौसम वैज्ञानिक कहे जाने वाले रामविलास पासवान का पुत्र जरूर हूं, कई बार राजनीतिक आकलन कर लेता हूं। बहुत जल्द जदयू एवं राजद में दरारें खुलकर दिखेगी। लोजपा किसके साथ गठबंधन करेगी यह समय बताएगा, चाचा के साथ किसी हालत में नहीं जाएंगे। बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है, लोकतंत्र का कोई भी स्तंभ सुरक्षित नहीं है। पूरे बिहार में टारगेट पर पत्रकार हैं और सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। सरकार के अन्याय का विरोध करने पर लोग मारे जा रहे हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, प्रशासन उसे संरक्षण दे रही है, सरकार बढ़ते अपराध पर जवाबदेही तय करे। लोजपा पीड़ित परिजन की मदद करती है, सरकार तुरंत ही नौकरी और आर्थिक सहायता करे। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, सुरेन्द्र विवेक, संजय पासवान, इंदिरा देवी एवं सुदर्शन सिंह सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =