मुख्यमंत्री ममता ने फिर दोहराया, ‘उन्हें भी की गई थी पेगासस खरीदने की पेशकश’

– ममता का दावा, चंद्रबाबू नायडू ने भी अपने मुख्यमंत्रित्व काल में खरीदा था सॉफ्टवेयर

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को एक बार फिर दोहराया है कि उन्हें इजराइली जासूसी सॉफ्टवेयर “पेगासस” खरीदने की पेशकश की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस सॉफ्टवेयर को खरीद कर इसका इस्तेमाल भी किया था।

गुरुवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से मुखातिब ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें चार-पांच साल पहले इजराइली साइबर इंटेलिजेंस कंपनी ने 25 करोड़ में सॉफ्टवेयर खरीदने के लिए संपर्क किया था। ममता ने कहा कि पेगासस का इस्तेमाल अगर देश की सुरक्षा के लिए किया जाता है तो समझ में आता लेकिन इसका इस्तेमाल न्यायाधीशों और अधिकारियों के खिलाफ किया गया, जो कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि एनएसओ ग्रुप की इजरायली साइबर इंटेलिजेंस कंपनी ने हमारे पुलिस विभाग में अपनी मशीन (पेगासस स्पाइवेयर) बेचने की पेशकश की थी। मैंने इसे ठुकरा दिया।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि, ‘आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इसकी सेवाएं ली थीं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार भी नेताओं, जजों, अधिकारियों, पत्रकारों, नौकरशाहों, समाजसेवियों आदि के निजी जीवन में ताक-झांक करने के लिए इसकी सेवाएं ले रही है। हमारी सरकार ऐसा नहीं करना चाहती। मैं किसी की अभिव्यक्ति की आजादी पर बंदिश नहीं लगाना चाहती। पेगासस के जरिए मेरी भी जासूसी हो रही है। उन्होंने उस समय इसके खिलाफ अपने फोन पर सेलोटेप लगा लिया था।’

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले राज्य विधानसभा में मीडिया से बातचीत के दौरान ममता ने दावा किया था कि तीन साल पहले उन्हें पेगासस सॉफ्टवेयर खरीदने की पेशकश की गई थी। आज उन्होंने इस पेशकश के वाक़ये को चार-पांच साल पहले का बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

82 + = 84