मुख्यमंत्री ममता ने प्रदेश की जनता को किया आगाह, मतदाता सूची में नाम जरूर देखें

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार की एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) को लेकर राज्य की जनता को आगाह किया है। उन्होंने कहा है कि सभी के नाम मतदाता सूची में हैं कि नहीं, यह जांच कर लें।

ममता बुधवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में राज्य सरकार के भूमि पट्टा वितरण समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाता सूची को संशोधित करने का काम चल रहा है। यह पांच दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी को सलाह दी कि वोटर लिस्ट में जाकर अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम देखें, ताकि कोई आपका नाम एनआरसी के नाम पर न काट सके, इसलिए अबसे आप मतदाता सूची में अपना नाम देखकर आएं, नहीं तो कल आपको बता दिया जाएगा कि आपके पास कोई नागरिक अधिकार नहीं है। ममता ने मतदाता सूची में नामों की बनावट ठीक करने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो बंगाल में भी असम जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।

एनआरसी का विषय उठाते हुए ममता ने कहा कि कितने लोगों ने अपना सब कुछ खो दिया और बांग्लादेश से यहां आए। मार्च 1971 तक आए लोगों से सरकार का समझौता है। वे भारत के नागरिक हैं लेकिन अब कहा जाता है कि आप नागरिक नहीं हैं। ममता ने कहा कि जिन लोगों ने सरकार चुनी है उनकी नागरिकता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। यदि आप मेरे वोट से प्रधानमंत्री हैं, तो अब आप मुझे नागरिकता का अधिकार देना चाहते हैं? यह अनादरपूर्ण है। जो इतने दिनों से यहां रह रहे हैं, स्कूल-कॉलेजों में पढ़ रहे हैं, कई रिक्शा चला रहे हैं, कई खेती कर रहे हैं, उन्हें यह अधिकार कहां से मिल रहा है? सबके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड है, मतदाता सूची में उनका नाम शामिल है। उन्हें नागरिकता का नया अधिकार देना उनका अपमान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

54 − 48 =