चिंगड़ीहाटा हादसे के पीड़ितों को देखने एसएसकेएम पहुंचीं मुख्यमंत्री

कोलकाता : चिंगड़ीहाटा हादसे का शिकार हुए घायलों से मिलने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद एसएसकेएम अस्पताल पहुंची। यहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। आज चिंगड़ीहाटा में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोग घायल हो गए थे। इनमें से गंभीर रूप से घायल पांच पीड़ितों को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दिल्ली से लौटने के बाद सीधा पीड़ितों से मिलने पहुंचीं मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे में धुत युवक ने अपनी कार से सात-आठ लोगों को टक्कर मार दी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, उनके इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। मैंने घायलों से मुलाकात की है।

उल्लेखनीय है कि तेज गति से बाईपास की ओर आ रही एक लाल रंग की कार ने चिंगड़ीहाटा इलाके में नियंत्रण खो बैठी। इसके बाद इस अनियंत्रित कार ने कई राहगीरों और अन्य वाहनों को जोरदार टक्कर मारी। अंत में कार गार्डरेल से जा टकराई। इस घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने चार दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद गुरुवार को कोलकाता पहुंचने के बाद एसएसकेएम अस्पताल पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने शाम साढ़े चार बजे एसएसकेएम अस्पताल से कुछ नई सेवाओं का वर्चुअल उद्घाटन व शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

91 − 86 =