निगम चुनाव : भाजपा ने लगाया व्यापक हिंसा का आरोप, 12 घंटे बंद का आह्वान

कोलकाता : राज्य की 108 नगरपालिकाओं में रविवार को मतदान में व्यापक हिंसा का आरोप प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने लगाया है। पार्टी ने सोमवार को 12 घंटे बंद का आह्वान किया है।

पार्टी प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने चुनाव खत्म होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी। उनके साथ भाजपा सांसद अर्जुन सिंह भी थे जिन पर चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमले किए हैं। चुनाव के नाम पर हिंसा के तांडव का आरोप लगाते हुए शमिक ने कहा कि भाजपा सोमवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंगाल बंद करने का आह्वान करती है। उन्होंने कहा कि इसे सफल बनाने के लिए प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।

अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि रविवार सुबह से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हमले हो रहे हैं। मुझ पर पुलिस के सामने हमले हुए हैं।

प्रेस कांफ्रेंस में बालुरघाट से सांसद और प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष भी शामिल थे। इन्होंने दावा किया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने मतदान में धांधली की है। कई जगह वोटों की लूट हुई है। भाजपा का आरोप है कि पुलिस ने या तो दर्शकों की भूमिका निभाई या तृणमूल का सहयोग किया है। भाजपा ने दावा किया है कि सोमवार को 108 नगरपालिकाओं में मतदान के नाम पर मखौल उड़ाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 6 = 14