इतिहास के पन्नों में 22 दिसंबरः रामानुजन का ओज, अनंत की खोज

देश-दुनिया के इतिहास में 22 दिसंबर की तारीख तमाम वजह से दर्ज है। अनंत की खोज में भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास अयंगर रामानुजन के योगदान के लिए यह तारीख विश्व इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। भारत में हर साल 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास अयंगर रामानुजन के सम्मान में इस दिवस को 22 दिसंबर को मनाए जाने की घोषणा की थी। श्रीनिवास रामानुजन का जन्म 22 दिसंबर, 1887 को तमिलनाडु के इरोड में तमिल ब्राह्मण अयंगर परिवार में हुआ था। रामानुजन ने कुंभकोणम के सरकारी कॉलेज में पढ़ाई की थी, लेकिन गैर-गणितीय विषयों में उनकी रुचि न होने से वह 12वीं की परीक्षा में फेल हो गए। वो 12वीं में दो बार फेल हुए। आज इस स्कूल नाम रामानुजन के नाम पर है। 16 साल की उम्र में रामानुजन की शादी जानकी अम्माल से हो गई।

रामानुजन 1912 में मद्रास पोर्ट ट्रस्ट में क्लर्क हो गए। यहीं पर पहली बार उनके एक सहकर्मी ने उनकी गणित की प्रतिभा को पहचाना। यह सहकर्मी खुद भी गणितज्ञ था। इस सहकर्मी ने रामानुजन को ट्रिनिटी कॉलेज, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जीएच हार्डी के पास जाने को कहा। उन्होंने दो-चार फॉर्मूले प्रोफेसर जीएच हार्डी को भेजे। हार्डी उनसे इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने रामानुजन को लंदन बुला लिया। दोनों ने मिलकर गणित के कई रिसर्च पेपर पब्लिश किए। उनकी रिसर्च को अंग्रेजों ने भी सम्मान दिया। ट्रिनिटी कॉलेज से जुड़ने के बाद रामानुजन को 1916 में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री मिली। 1917 में उन्हें लंदन मैथमेटिकल सोसाइटी में जगह दी गई। इसके अगले साल उन्हें गणित पर उनकी रिसर्च के लिए रॉयल सोसायटी में जगह मिली। अक्टूबर 1918 में रामानुजन ट्रिनिटी कॉलेज की फेलोशिप पाने वाले पहले भारतीय भी बने।

रामानुजन की गणितीय प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 32 साल के जीवन में उन्होंने गणित के चार हजार से ज्यादा ऐसे प्रमेय (थ्योरम) पर रिसर्च की, जिन्हें समझने में दुनियाभर के गणितज्ञों को भी सालों लग गए। रामानुजन के प्रमुख गणितीय कार्यों में एक है किसी संख्या के विभाजनों की संख्या ज्ञात करने के फार्मूले की खोज। उदाहरण के लिए संख्या 5 के कुल विभाजनों की संख्या 7 है। इस प्रकार : 5, 4 1, 3 2, 3 1.1, 2 2 1, 2 1 1 1, 1 1 1 1 1। रामानुजन के फार्मूले से किसी भी संख्या के विभाजनों की संख्या ज्ञात की जा सकती है। उदाहरण के लिए संख्या 200 के कुल विभाजन होते है – 3972999029388, हाल ही में भौतिक जगत की नई थ्योरी ‘सुपरस्ट्रिंग थ्योरी’ में इस फार्मूले का काफी उपयोग हुआ है। रामानुजन ने उच्च गणित के क्षेत्रों जैसे संख्या सिद्धांत, इलिप्टिक फलन, हाईपरज्योमैट्रिक श्रेणी इत्यादि में अनेक महत्वपूर्ण खोज की है।

1919 में वह लंदन से भारत लौट आए। रामानुजन को टीबी हो गई और एक साल बाद ही 1920 में उनका निधन हो गया। रॉबर्ट कैनिगल ने ‘द मैन हू न्यू इन्फिनिटी: अ लाइफ ऑफ द जीनियस रामानुजन’ नाम से उनकी जीवनी लिखी है। 2015 में उन पर एक फिल्म ‘द मैन हू न्यू इन्फिनिटी’ भी बनी। फिल्म में देव पटेल ने उनका किरदार निभाया था। ये रामानुजन पर लिखी गई जीवनी पर आधारित थी।

और यह भी दिलचस्प है कि भारत में जो सबसे पहली रेल चलाई गई थी, वह एक मालगाड़ी थी। यह रुड़की से पिरान कलियर के बीच 22 दिसंबर, 1851 के दिन चलाई गई थी। इसके लगभग दो साल बाद 1853 में मुंबई (तब बॉम्बे) से ठाणे के बीच चलाई गई ट्रेन भारत की पहली यात्री ट्रेन थी। यह रहस्योद्घाटन वर्ष 2002 में ‘द हिन्दू’ में छपी एक रिपोर्ट में एक किताब के हवाले से किया गया था। ‘रिपोर्ट ऑन गंगा कैनाल’ नामक इस रपट में स्पष्ट दर्ज है कि 22 दिसंबर, 1851 के दिन रुड़की से पिरान कलियर तक बिछाये गये रेलवे ट्रैक पर भाप के इंजन से संचालित दो बोगियों वाली मालगाड़ी चलाई गई थी। इसलिए भारतीय रेल युग की शुरुआत साल 1853 से नहीं बल्कि 22 दिसंबर, 1851 से मानी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

25 − 21 =