बंगाल विधानसभा में योगी की जीत की गूंज, बांटी गयी मिठाई, जमकर नारेबाजी

कोलकाता : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार की वापसी के आसार दिखते ही पश्चिम बंगाल विधानसभा में इसकी गूंज सुनाई दी। गुरुवार को भाजपा विधायकों ने विधानसभा के गेट पर प्रदर्शन किया।

भाजपा के दो विधायकों को एक दिन पहले सस्पेंड किए जाने के खिलाफ गुरुवार को भी नेता प्रतिपक्ष विधायक शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने विधानसभा के गेट पर प्रदर्शन किया। विधायकों ने नारेबाजी की और आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत स्पष्ट होते ही अधिकारी और भाजपा के अन्य विधायकों ने नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद, जय श्री राम, भारत माता की जय के नारे भी लगाए। विधानसभा के गेट पर ही भाजपा विधायकों ने एक दूसरे को भगवा अबीर लगाया और जीत की शुभकामनाएं दीं।

शुभेन्दु ने लोकसभा में 25 सीटें जीतने का किया दावा

इसके अलावा पांच राज्यों में से चार पर भारतीय जनता पार्टी का सरकार बनने के स्पष्ट संकेत मिलते के बाद शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि बंगाल में 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी 25 सीटें जीतेगी। इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में पूरे देश में चार सौ से अधिक सीटें मिलेगी। उन्होंने ट्वीट किया, “पांच राज्यों के चुनाव परिणाम विकास, देशभक्ति, सुशासन और कानून व्यवस्था के साथ-साथ लोगों के हित में कल्याणकारी योजनाओं की जीत है। यह समावेशी हिंदुत्व की जीत है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह को भी पार्टी की जीत की ढेर सारी शुभकामनाएं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 3