एग्जिट पोल : उत्तर प्रदेश में भाजपा की वापसी और पंजाब में आप को बहुमत की संभावना

नयी दिल्ली : 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के तहत सोमवार को मतदान कार्यक्रम समाप्त हो गया और अब 10 मार्च को आने वाले नतीजों का इंतजार है। इसी बीच आज विभिन्न टीवी चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल भी आने शुरू हो गए हैं। एग्जिट पोल की मानें तो उत्तर प्रदेश में भाजपा पिछली बार से कम सीटों के साथ वापसी करेगी। वहीं दूसरी ओर पंजाब की बहुपक्षीय लड़ाई में आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड और गोवा में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है तथा मणिपुर में भाजपा अपने सहयोगियों के साथ जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।

उत्तर प्रदेश में 403 सीटों की विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 202 का आंकड़ा पार करना जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी सभी एग्जिट पोल के औसत के मुताबिक 230 से अधिक सीटें हासिल कर सकती हैं। वहीं सपा को 150 के आसपास सीटें मिल सकती हैं।

पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए बहुमत का आंकड़ा 59 है। यहां ज्यादातर एग्जिट पोल सर्वे आम आदमी पार्टी को 60 से अधिक सीटें जीतते दिखा रहे हैं। कांग्रेस 20 से 30 सीटों में सिमट सकती है, अकाली दल 10 से 20 सीटें और भाजपा अधिकतम 5 सीटें हासिल कर सकती है।

उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 36 का आंकड़ा पार करना जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों इस बहुमत के आंकड़े के आसपास नजर आ रहे हैं। ज्यादातर सर्वे भाजपा को कांग्रेस पर कुछ सीटों से बढ़त दिखा रहे हैं।

गोवा में 40 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए 21 का आंकड़ा पार करना होगा। कांग्रेस और भाजपा दोनों इस आंकड़े को छूते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में बड़ी पार्टी कुछ अन्य पार्टियों के सहयोग से सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती हैं।

मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से आगे दिखाई दे रही है। यहां की 60 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए 31 सीटें चाहिए। ज्यादातर सर्वे भाजपा को इस आंकड़े के नजदीक दिखा रहे हैं। वहीं कांग्रेस 10 से 20 सीटों हासिल सकती है। नेशनल पीपल्स पार्टी को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 35 = 40