नगर निगम के कर्मचारियों की पेंशन रोके जाने सम्बंधित नोटिस को फिरहाद ने फर्जी करार दिया

कोलकाता : कोलकाता नगर निगम के कर्मचारियों की पेंशन सम्बंधित नोटिस को मेयर फिरहाद हाकिम ने फर्जी करार दिया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि पेंशन नोटिस फर्जी है, कोलकाता नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन को रोके जाने और उसके दिशा-निर्देशों पर विवाद के बीच फिरहाद हकीम ने यह टिप्पणी की है।

फिरहाद ने शुक्रवार को दावा किया कि जिस नोटिस से इतना विवाद हुआ वह पूरी तरह से फर्जी है। उन्होंने कहा कि नोटिस को विपक्ष के किसी व्यक्ति ने नगर निगम के अधिकारियों का अनादर करने के लिए लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में आर्थिक संकट के बावजूद कर्मचारियों के वेतन और पूर्व कर्मचारियों के पेंशन का भुगतान निर्धारित समय के भीतर किया जाएगा। यही उनका मुख्य लक्ष्य होगा। इससे कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि मेयर ने यह माना कि फिलहाल कलकत्ता निगम पर करीब एक हजार करोड़ रुपये का कर्ज है।

उल्लेखनीय है कि कलकत्ता नगर निगम की पेंशन के संबंध में गुरुवार को एक नोटिस सार्वजनिक हुआ था जिसमें कहा गया है कि कोलकाता नगर निगम में आर्थिक समस्या चल रही है। इसलिए जो लोग सितंबर 2021 से सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें अब सेवानिवृत्ति भत्ता सहित सभी आर्थिक लाभ नहीं दिए जा रहे हैं। इस नोटिस के सार्वजनिक होते ही कलकत्ता नगर निगम के मौजूदा कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच चर्चा शुरू हो गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 4 = 3