दिनहाटा में फिर हिंसा, गोलीबारी और बमबाजी में 4 भाजपा कार्यकर्ता घायल

कूचबिहार : पंचायत चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन कूचबिहार के दिनहाटा में फिर से हिंसा हुई है। गुरुवार देर रात दिनहाटा-2 नंबर ब्लॉक के कालमाटी इलाके में गोलीबारी और बमबारी की गई जिसमें चार भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए है। घायलों में मिलन बर्मन, चंद्रा बर्मन, अर्जुन बर्मन और हीरो बर्मन शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार गत रात भाजपा समर्थक प्रचार समाप्त होने के बाद उम्मीदवार के घर के बाहर बैठे हुए थे। तभी बाइक पर कुछ बदमाश आए और अचानक पहले तीन राउंड फायरिंग की और फिर बम फेंक कर फरार हो गये। गोलीबारी की सूचना पर साहेबगंज थाने की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। जिसके बाद सभी घायलों को बामनहाट ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उनमें से दो को दिनहाटा महकमा अस्पताल और दो को कूचबिहार रेफर कर दिया गया। वहीं, एख हमलावर को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

भाजपा के दिनहाटा मंडल अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रचार के बाद नेता और कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के घर के सामने बैठे हुए थे। उसी समय तृणमूल समर्थित पांच बदमाशों ने गोलीबारी और बमबाजी की घटना को अंजाम दिया जिसमें चार भाजपा के चार कार्यकर्ता लोग घायल हो गये। इनमें एक की हालत गंभीर है। हालांकि, तृणमूल के दिनहाटा-2 ब्लॉक अध्यक्ष दीपक भट्टाचार्य ने आरोपों को निराधार बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *