इतिहास के पन्नों में : 17 मार्च – हरियाणा की दो मेधावी बेटियों का जन्मदिन

आज के दिन ही अलग-अलग वर्षों में पैदा हुईं हरियाणा की दो बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय फलक पर देश का नाम रौशन किया।

17 मार्च 1961 को हरियाणा के करनाल में पैदा हुईं कल्पना चावला ने अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छुआ। भारतीय अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला अंतरिक्ष शटल मिशन विशेषज्ञ थीं। अंतरिक्ष में जाने वाली वे पहली भारतीय महिला थीं। 01 फरवरी 2003 को कोलंबिया अंतरिक्ष यान आपदा के शिकार हुए सात यात्रियों के दल में कल्पना चावला भी थीं। इसके साथ ही महज 40 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली कल्पना चावला के शब्द जैसे अमर हो गए- ‘मैं अंतरिक्ष के लिए बनी हूं। प्रत्येक पल अंतरिक्ष के लिए ही बिताया है और इसी के लिए मरूंगी।’

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल 17 मार्च 1990 को हरियाणा के हिसार में पैदा हुईं। सायना एक महीने में तीसरी बार प्रथम वरीयता हासिल करने वाली इकलौती खिलाड़ी हैं। 2012 के लंदन ओलंपिक में बैडमिंटन की महिला एकल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर बैडमिंटन में ऐसा करने वाली वे भारत की पहली खिलाड़ी बनीं। इससे पहले 2008 के बीजिंग ओलंपिक खेलों में भी वे क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुकी हैं। उन्हें पद्मश्री और खेल के क्षेत्र में सर्वोच्च पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

अन्य अहम घटनाएंः

1861ः इटली का एकीकरण।

1920ः बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति शेख मुजीब-उर-रहमान का जन्म।

1959ः हवाई जहाज दुर्घटना में फिलीपीन के राष्ट्रपति रैमन मैग्सायसाय का निधन।

1987ः लिटिल मास्टर के नाम से मशहूर दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया।

1989ः उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे हेमवती नंदन बहुगुणा का निधन।

2020ः कोरोना से देश में तीसरी मौत, कोरोना संक्रमितों की संख्या 126 हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

83 − = 81