इंदौर बावड़ी हादसा : अब तक 13 की मौत, 17 को बचाया गया

– मुख्यमंत्री चौहान ने की पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा

इंदौर : शहर के श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर गुरुवार को बावड़ी की छत धंसने की घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है। बावड़ी में 30 से अधिक लोग गिरे थे, जिनमें से 11 लोगों के शव निकाले गए, जबकि पुलिस ने रस्सियों की मदद से 19 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया था, जिनमें से दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब 40 फीट गहरी बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है। नगर निगम तीन पम्पों की मदद से पानी निकाल रहा है। आशंका है कि अभी भी कुछ लोग बावड़ी में फंसे हुए हैं। पानी निकालने के बाद दोबारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शहर के सपना संगीता रोड पर स्नेह नगर स्थित बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हवन के दौरान हादसा हुआ। यहां 25 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। तभी ज्यादा वजन होने की वजह से उसकी छत ढह गई और लोग नीचे गिर गए। गिरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी थीं। पुलिस और श्रद्धालुओं ने रस्सियों से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय अधिकारी और बचाव व राहत कर्मियों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। इंदौर के कलेक्टर इलैया राजा टी. के अनुसार बावड़ी से अब तक 11 शव निकाले गए हैं, जबकि 19 लोगों को घायल हालत में निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस तरह अब तक इस हादसे में हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है।

दिवंगतों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में पुरानी बावड़ी के धंस जाने से लोगों की असामयिक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि है यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अनेक प्रयासों के बाद कुछ नागरिकों को बचाया नहीं जा सका। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में दिवंगत लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की जाएगी। घायलों के नि:शुल्क उपचार के साथ प्रति घायल को 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 + 2 =