कोलकाता : डेंगू से एक और मरीज की मौत

कोलकाता : कोलकाता में रविवार को तड़के डेंगू से एक और मरीज की मौत हो गई। मृतक का नाम कृष्ण गांगुली (56) है। वे हरिदेवपुर के बनर्जीपाड़ा इलाके के निवासी हैं। मृत्यु प्रमाण पत्र में डेंगू उल्लेख किया गया है।

कृष्ण को पिछले सोमवार को बुखार आने के बाद उन्हें टॉलीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले दिन उनकी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनकी हालत बिगड़ने पर शनिवार की रात बाईपास के किनारे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक मरीज के कई अंग फेल होने की वजह से उन्हें वेंटिलेशन पर रखा गया लेकिन आज तड़के मरीज की मौत हो गई।

बताया गया है कि उनके बेटे को भी डेंगू हो गया था लेकिन वह ठीक हो गया। कुछ दिन पहले कोलकाता नगर निगम के इसी वार्ड नंबर 115 में एक और डेंगू पीड़ित की मौत हो गई थी। एक ही वार्ड में चंद दिनों में दो डेंगू मरीजों की मौत से स्थानीय निवासी आतंकित हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य में डेंगू की स्थिति समग्र चिंता को बढ़ा रही है। राज्य में अब तक डेंगू के 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 10 हजार के करीब है। पिछले तीन सप्ताह में 5,309 लोग डेंगू से संक्रमित हुए हैं। इनमें पिछले 10 दिनों में मरीजों की संख्या 3,079 है। हर दिन करीब 400 से अधिक लोग डेंगू से पीड़ित होते हैं। सबसे खराब स्थिति 6 जिलों की है जिसमें हावड़ा सबसे ऊपर है। इस जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 1, 271 लोग हैं। इसके बाद जलपाईगुड़ी, उत्तर 24 परगना, कोलकाता, हुगली और मुर्शिदाबाद हैं। इन जिलों के हालात भी प्रशासन को चिंतित कर रहे हैं, कुल मिलाकर स्थिति बेहद चिंताजनक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − = 11