कोलकाता : डेंगू से बाँसद्रोणी के वृद्ध की मौत

कोलकाता : डेंगू की स्थिति धीरे-धीरे राज्य सरकार की चिंता बढ़ा रही है। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। इसके बावजूद कोलकाता में बुधवार को डेंगू से एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। मृत व्यक्ति का नाम सुब्रत सरकार (61) है। उनका घर कोलकाता नगर निगम के 113 नंबर वार्ड के बांसद्रोनी के न्यू गवर्नमेंट कॉलोनी में है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार पिछले गुरुवार से सुब्रत बुखार से पीड़ित थे। बार-बार बुखार आ और जा रहा था। बाद में स्थिति और खराब हो गई। रविवार को उन्हें सीने में दर्द हुआ। घर में बाथरूम जाते समय वह गिर गये। उसके बाद बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क किया गया। घर पर डॉक्टर को बुलाया गया। सुब्रत को देखकर डॉक्टर ने डेंगू होने का संदेह जताया। इसके अलावा डॉक्टर को यह भी शक था कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है।

इसके बाद सुब्रत सरकार को अलीपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां उनका डेंगू टेस्ट हुआ और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तब उनका प्लेटलेट काउंट एक लाख से थोड़ा अधिक था लेकिन सोमवार को फिर प्लेटलेट्स गिरकर 25,000 पर आ गया। इसके बाद उनके बड़े बेटे को निजी अस्पताल से सूचित किया गया कि अस्पताल में रहने के दौरान उन्हें एक और दिल का दौरा पड़ा। उसके बाद मंगलवार से सुब्रत की तबीयत और बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने परिवार के सदस्य को बी पॉजिटिव ग्रुप ब्लड की व्यवस्था करने को कहा। सुब्रत के परिवार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से रक्त की व्यवस्था की लेकिन अंत में उन्हें बचाया नहीं जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 19 = 25