18 जनवरी को मेघालय दौरे पर जाएंगी ममता बनर्जी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी 18 जनवरी को मेघालय के दौरे पर जाने वाली हैं। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि वहां गारो हिल्स में वह एक राजनीतिक जनसभा को संबोधित भी करेंगी। मेघालय में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। तृणमूल कांग्रेस वहां मुख्य विपक्षी पार्टी है। वर्ष 2021 में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे जिसके बाद से पार्टी यहां मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है।

60 सदस्यीय विधान सभा वाले मेघालय में इस बार सत्ता परिवर्तन की उम्मीद में तृणमूल कांग्रेस बड़े पैमाने पर संगठन के विस्तार में जुटी है। मुकुल संगमा के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी को काफी सांगठनिक मजबूती मिली है। पिछले साल भी ममता बनर्जी ने मेघालय का दौरा किया था। इसके अलावा उनके भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मेघालय का दौरा कर चुके हैं। 18 जनवरी को होने वाली जनसभा में ममता बनर्जी के अलावा मुकुल संगमा, डेरेक ओ ब्रायन, प्रदेश के तृणमूल अध्यक्ष चार्ल्स प्रिंगपो और अन्य नेता शामिल होंगे। विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को और अधिक मजबूत करने के लिहाज से ममता का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

55 − 51 =