ममता ने दिया बुलडोजर के खिलाफ 3टी का मंत्र

Mamata Banerjee : File Photo

कोलकाता : बुलडोजर विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित केंद्र सरकार के खिलाफ हमला बोलते हुए, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि उनकी तृणमूल सरकार लोगों को बाँटने के बजाय लोगों को एकजुट करना चाहती है। बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में ममता ने दावा किया कि राज्य में 40 लाख और नौकरियां पैदा करने में मदद मिलेगी।

ममता ने अपने शासन के लिए 3टी का मंत्र दिया, “ट्रस्ट, टेक्नोलोजी और टीम वर्क।” उन्होंने कहा कि हम बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। हम लोगों को विभाजित नहीं करना चाहते, हम लोगों को एकजुट करना चाहते हैं। एकता हमारी मुख्य ताकत है। सांस्कृतिक रूप से आप बहुत मजबूत होंगे यदि आप एकजुट हैं, लेकिन यदि आप विभाजित हैं, तो यह पतन का कारण होगा। मैं विश्वास, प्रौद्योगिकी और टीम वर्क में विश्वास करती हूं। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में 42 देशों के 4,300 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

ममता की यह टिप्पणी भाजपा शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बुधवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुलडोजर चलाए जाने के ठीक एक दिन बाद आया है। दिल्ली के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़पों के कुछ ही दिनों बाद बुलडोजर चला है।

इसी तरह मध्य प्रदेश के खरगोन में लगभग 45 घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया जहां 10 अप्रैल को रामनवमी के जुलूस के दौरान लोगों के समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया था, जिसमें पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

71 − = 61