विपक्षी एकता को ममता ने हमेशा नुकसान पहुंचाया है : अधीर

कोलकाता : पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार निशाना साधते हुए फिर साफ कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों उनकी समान प्रतिद्वंद्वी हैं। अधीर ने जोर देकर कहा कि हम यहां ममता व तृणमूल के अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ेंगे। उन्होंने साफ कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में माकपा के नेतृत्व वाले वाममोर्चा के साथ मिलकर कांग्रेस तृणमूल के खिलाफ जोरदार तरीके से लड़ेगी। अधीर ने ममता को फिर चोर और अपराधी भी बताया। राज्य में पंचायत चुनाव के मद्देनजर कोलकाता प्रेस क्लब द्वारा आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में बोलते हुए अधीर ने पत्रकारों के सवाल पर यह भी कहा कि विपक्षी एकता को तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने हमेशा नुकसान पहुंचाया है। पीछे से खंजर भोंका है। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि ममता व भाजपा के बीच अंदरूनी साठगांठ है। अधीर ने आगे कहा कि देश की राजनीति कांग्रेस को छोड़कर न चली है न चल सकती है। कांग्रेस के बगैर विपक्षी एकता संभव नहीं है। अगर कोई ऐसा सोच रहा है तो यह उनकी गलतफहमी है।

अधीर ने इस दौरान राज्य चुनाव आयोग से बंगाल में पंचायत चुनाव सात चरणों में कराने की भी मांग की। उन्होंने साथ ही कहा कि राज्य में बूथों की तुलना में पंचायत चुनाव के लिए 822 कंपनी केंद्रीय बल अपर्याप्त है। इसीलिए पांच-सात चरणों में चुनाव की स्थिति में इन बलों से समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

32 − 25 =