नये सचिवालय में हाई कोर्ट को अतिरिक्त स्थान देने के कार्यक्रम में बोलीं ममता : मीडिया ट्रायल मंजूर नहीं

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के एक के बाद एक मामलों को लेकर व्यापक मीडिया कवरेज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नागवार गुजर रहा है। गुरुवार को नये सचिवालय में कलकत्ता हाईकोर्ट के लिए अतिरिक्त स्थान स्थानांतरण कार्यक्रम में संबोधन रखते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रायल बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में केवल न्यायपालिका प्रणाली लोगों के खोए हुए विश्वास को बहाल कर सकती है इसलिए न्यायपालिका इतनी महत्वपूर्ण है। यदि इसे कमजोर किया जाता है, तो लोकतंत्र के बाकी स्तंभ कमजोर हो जाते हैं। मीडिया ट्रायल बंद होना चाहिए, सच्ची खबर पेश करें भले ही यह खुद मुख्यमंत्री के खिलाफ हो, असली तथ्य पेश किए जाएं।

ममता बनर्जी ने गुरुवार को नए सचिवालय भवन के एक हिस्से को कलकत्ता उच्च न्यायालय को काम के लिए सौंपने के समारोह में न्यायपालिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का काम किसी तरह से बाधित नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय के लिए इस स्थान की व्यवस्था की है। उच्च न्यायालय के काम के लिए नए सचिवालय भवन के ब्लॉक बी को सौंप दिया गया है। इस अवसर पर कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘’लोकतंत्र में न्यायपालिका बहुत महत्वपूर्ण है। यह लोगों का विश्वास बहाल करती है। न्याय पाने के लिए सभी को कोर्ट से उम्मीदें हैं। मामले भी धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं। यह अच्छा नहीं है कि जजों के काम करने की जगह कम हो रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

39 − = 34