इतिहास के पन्नों में 15 मईः दुनिया भर के बच्चे 95 साल से हैं मिकी माउस के दीवाने

देश-दुनिया के इतिहास में 15 मई की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। बच्चों का पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर मिकी माउस इसी तारीख को पहली बार पर्दे पर आया था। 1928 में डिज्नी ने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म ‘प्लेन क्रेजी’ की टेस्ट स्क्रीनिंग की थी। यह फिल्म चार्ल्स लिंडबर्ग की अटलांटिक के ऊपर से पहली उड़ान से प्रेरित थी। छह मिनट की इस फिल्म में मिकी और दूसरे कैरेक्टर एक प्लेन को बनाने का प्रयास करते हैं।

मिकी के साथ ही मिनी के कैरेक्टर को भी पहली बार इस फिल्म से ही दर्शकों के सामने लाया गया। इसी साल डिज्नी ने ‘गलोपिन गाउचो’ नाम से दूसरी फिल्म का प्रीमियर भी किया था। ये दोनों फिल्म साइलेंट थी। दोनों फिल्मों को डिस्ट्रीब्यूटर नहीं मिला और ये बुरी तरह विफल रहीं। इसी साल एक अक्टूबर से डिज्नी ने ‘स्टीमबोट विली’ नाम से फिल्म बनानी शुरू की। यह फिल्म रिलीज हुई। इसमें पहली बार साउंड का इस्तेमाल किया गया। और ये काफी फेमस हुई।

यह फिल्म दो हफ्ते तक थियेटर में रही और डिज्नी को इससे एक हजार डॉलर की कमाई हुई। इसके बाद डिज्नी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसी फिल्म की शुरुआत के दिन एक अक्टूबर को मिकी माउस का जन्मदिन मनाया जाता है। कहते हैं कि एक दिन जब वॉल्ट डिज्नी अपनी डेस्क पर बैठे थे तो उन्हें एक चूहा नजर आया। उसकी एक्टिविटी उन्हें खूब मजेदार लगी और तब डिज्नी ने चूहे का पोट्रेट बनाया। पेट मोटा कर दिया और कान छोटे। हाथों में ग्लव्ज, पैरों में जूते और कपड़े भी पहना दिए। नाम रखा-मोर्टिमर। डिज्नी की पत्नी को यह नाम पसंद नहीं आया और उन्होंने उसका नाम रखा मिकी।

मिकी बोलने वाला पहला कार्टून था। इसकी सफलता के बाद वॉल्ट ने मिकी माउस क्लब और फैन क्लब फॉर चिल्ड्रेन दो कंपनियां खोलीं। डिज्नी ने मिकी के साथ कई कैरेक्टर बनाए, जो मिकी के दोस्त के रूप में सामने आए। पहली ही फिल्म में मिकी की गर्लफ्रेंड मिनी। फिर गूफी, प्लूटो और डोनाल्ड डक भी आए, जो लोकप्रिय हो गए। अब तक मिकी माउस पर 22 शॉर्ट फिल्म, 11 फिल्में और छह कार्टून सीरीज आ चुकी है। 2020 में वॉल्ट डिज्नी का ग्लोबल रेवेन्यू 38.7 बिलियन डॉलर था। डिज्नी इस साल दुनिया के सबसे वैल्यूएबल ब्रांड में सातवें नंबर पर थे। फोर्ब्स के मुताबिक तब इनके ब्रांड की वैल्यू 61.3 बिलियन डॉलर थी। डिज्नी मीडिया बिजनेस नेटवर्क के पास डिज्नी चैनल, ईएसपीएन, हिस्ट्री, लाइफ टाइम जैसे कई चैनल हैं। आठ मिलियन यूजर्स के साथ डिज्नी हॉट स्टार भारत का सबसे बड़ा ओटीटी प्लेटफॉर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

41 − 31 =