जटिल रोग से ग्रस्त किशोर की मदद के लिए आगे आए सांसद अर्जुन सिंह

बैरकपुर : जटिल रोग से ग्रस्त जूट मिल के एक श्रमिक के 17 साल के बेटे के इलाज की जिम्मेदारी सांसद अर्जुन सिंह ने ले ली है। किशोर का नाम कृष चौधरी है। सांसद की इस पहल की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। मामला भाटपाड़ा का है। कृष के पिता रिलायंस जूट मिल के श्रमिक हैं। कृष का इलाज दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल कृष को रेडिएशन थेरपी की जरूरत है। इलाज के लिए मोटी रकम जुटना कृष के पिता के लिए संभव नहीं है। इस बाबत खबर मिलने के बाद सांसद अर्जुन सिंह ने खर्च की जिम्मेदारी ले ली। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अर्जुन सिंह के करीबी चंदन गुप्ता को पता चला। उन्होंने तुरंत दिल्ली में मौजूद अर्जुन सिंह से संपर्क साधा। अर्जुन सिंह ने तुरंत चंदन गुप्ता को कागजात एकत्रित करने को कहा। शनिवार को स्थानीय पार्षद अमित गुप्ता, तृणमूल युवा नेता मन्नू साव और चंदन गुप्ता हाजिर हुए और अपना काम शुरू कर दिया। कृष के पिता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि साल 2020 में लॉकडाउन के दौरान उन्हें पता चला कि कृष को ब्रेन ट्यूमर है। तभी से उसका इलाज चल रहा है। जटिल रोग की वजह से उसके बेटे की पढ़ाई अधूरी रह गईं। दसवीं कक्षा में प्रवेश करते ही पढ़ाई थम गई। बेटे के इलाज के लिए 80 हजार रुपये की जरूरत थी, जो कि उनके लिए संभव नहीं है। किसी ने सच कहा है कि भगवान किसी न किसी रूप में आते हैं, ऐसा ही हुआ, सांसद अर्जुन सिंह से उन्हें मदद मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

98 − 90 =