जोड़ाबागान में जल संकट से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन, मंत्री शशि पांजा पहुंचीं मौके पर

कोलकाता : जल संकट से परेशान उत्तर कोलकाता के जोड़ाबागान इलाके के निवासियों ने शनिवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ऐसे में परिस्थिति को संभालने के लिए राज्य की मंत्री शशि पांजा को घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मंत्री का आश्वासन मिलने पर स्थिति सामान्य हुई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से उक्त इलाके के लोगों को पानी की भारी समस्या से गुजरना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कोलकाता नगर निगम अंतर्गत वार्ड नंबर 21 और 24 के निवासियों ने बताया कि इलाके में दो बार पानी नहीं दिया जाता है। शेष दो बार निर्दिष्ट समय को पूरा नहीं करते हैं। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क जाम कर दिया। स्थानीय पार्षद और उनके लोग पहुंचे लेकिन बात नहीं बनी। फिर विधायक शशि पांजा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बात की। मंत्री के मुताबिक अवरोध किसी समस्या का समाधान नहीं है। समस्या का कारण समझना चाहिए और समाधान बातचीत से ही निकलेगा।

मंत्री ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिचाली और अन्य सामग्रियों के जमा होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। ऐसे में पानी की आपूर्ति में दिक्कत हो रही है। विधायक ने बताया कि मल्लिक घाट स्थित पंपिंग स्टेशन पर इनका जमा होना एक समस्या है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य करने के लिए काम किया जा रहा है। मंत्री के साथ कोलकाता नगर निगम के जलापूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि शाम तक पेयजल को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। उसके बाद मंत्री ने क्षेत्र में पानी की समस्या के विषय में माइक से घोषणा की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा और जल्द से जल्द जल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

67 + = 72