मुर्शिदाबाद : जिले के नवग्राम थाना क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष मोजाम्मेल शेख की हत्या मामले में नवग्राम थाने की पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है। ये सभी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मोजम्मेल शेख गुरुवार रात नवग्राम थाना अंतर्गत हजबीबिडांगा गांव में चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हमले में तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या में शामिल होने के संदेह में शुक्रवार सुबह तक सात लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। तृणमूल नेता की हत्या के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट लगा दी गई है।
नवग्राम तृणमूल कांग्रेस के विधायक कांनाई चंद्र मंडल ने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव से पहले क्षेत्र में आतंक फैलाने की कोशिश कर रही है। शुक्रवार को तृणमूल कार्यकर्ता काले बैच लगाकर पार्टी नेता मोजम्मेल शेख की हत्या का विरोध कर रहे हैं।