दीपावली और काली पूजा के मौके पर रात भर पेट्रोलिंग करेगी पुलिस

कोलकाता : दीपावली और काली पूजा के मौके पर कोलकाता पुलिस रात भर पूरे कोलकाता में पेट्रोलिंग करेगी। ऐसे में पुलिस की नजर प्रतिबंधित पटाखा जलाने वालों पर रहेगी। कोलकाता में इस बार कुल 2664 जगहों पर कालीपूजा हो रही है। त्योहार के दिनों में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए कोलकाता पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। अवैध तरीके से पटाखा के इस्तेमाल पर नजर रखने के लिए इस बार पुलिस ऑटो में शहर की सड़कों पर घूमेगी।

पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कालीपूजा की सुबह से ही सड़कों और पूजा पंडालों पर पुलिस तैनात रहेगी। 24 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके अलावा कई पूजा मंडपों में, मूर्तियों को कीमती सोने के गहनों से सजाया जाता है। ऐसे में कोलकाता पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं कोलकाता पुलिस पूजा के साथ-साथ निर्विघ्न विसर्जन की व्यवस्था की भी तैयारी कर रही है। गंगा नदी के 29 घाटों पर मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। आदिगंगा में विसर्जन के लिए पांच घाट तैयार किए गए हैं। इसके अलावा 35 जलाशयों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। गंगा के विभिन्न घाटों पर गोताखोर होंगे। गंगा में विसर्जन के दौरान स्पीड बोट, जेट स्की से भी नजर रखी जाएगी। प्रत्येक घाट पर एक डीएमजी टीम होगी।

प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि विसर्जन के दौरान डीजे संगीत बजाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा प्रतिबंधित पटाखे भी नहीं जलाए जा सकते हैं। अवैध पटाखों को जलाने से रोकने के लिए शहर में 18 विशेष मोबाइल टीम गश्त लगाएगी। वहीं गलियों में निगरानी के लिए पुलिस की 114 वाहन पेट्रोलिंग करेंगे। साथ ही बहुमंजिली इमारतों पर निगरानी के लिए अलग से टीम बनाई गई है। इसमें 27 वॉच टावर होंगे। कॉम्बैट फोर्स के साथ 13 त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए जा रहे हैं। पीटीएस में अतिरिक्त कंट्रोल रूम खोले जाएंगे। प्रत्येक डिवीजन के पास अतिरिक्त रिजर्व फोर्स होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − = 4