नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी के खिलाफ बंगाल विधानसभा में प्रस्ताव पारित

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर कथित विवादित टिप्पणी के खिलाफ पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार को प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में प्रस्ताव पेश करने के बाद तृणमूल कांग्रेस के विधायकों ने संख्या बल के बहुमत के साथ इसे पास किया है। हालांकि विपक्षी भाजपा विधायकों ने राज्य विधानसभा में यह प्रस्ताव पेश किए जाने का विरोध किया।

सस्पेंशन खत्म होने के बाद सोमवार को विधानसभा में वापसी करने वाले नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस प्रस्ताव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से इसे स्वीकार नहीं करने की गुहार लगाई लेकिन उनकी मांग अनसुनी कर दी गई। इसके बाद भाजपा विधायकों ने नारेबाजी करते हुए वाकआउट किया। दूसरी ओर प्रस्ताव पेश करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी देश में नफरत की राजनीति करती रही है ताकि लोगों के बीच हिंसा होती रहे और उसका राजनीतिक लाभ उठाया जा सके। पार्टी ने कहा है कि दुर्भाग्य है कि अभी तक नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि इस्लाम के प्रवर्तक पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर देश में हफ्तों तक विरोध प्रदर्शन होते रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

54 − = 47